सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट, धुआं के गुबार के बीच उड़े टीन शेड
मुरादाबाद
कटघर के रामपुर दोराहा स्थित निर्यात फर्म में आग कितनी भयानक थी इसका अंदाजा वहां आसपास फैले धुआं के गुबार से लगाया जा सकता है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगने के थोड़ी देर बाद ही निर्यात फर्म में मोमबत्ती बनाने वाले हॉल में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। उसी हॉल में चार-पांच घरेलू गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। शायद उन सिलेंडरों का उपयोग चोरीछिपे भट्ठी जलाने के लिए किया जा रहा था। आग ने जब भयानक रूप लिया तो एक के बाद एक दो-तीन सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। इससे वहां पास में लगा टीनशेड भी उड़ गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इतना ही नहीं आग को बुझाने में लगे दमकल कर्मियों के पांव भी एक बारगी ठिठक गए। हालांकि बाद में मशक्कत करके आग पर काबू पा लिया।
धुआं में सांस लेना तक हो गया मुश्किल
निर्यात फर्म में भारी मात्रा में मोम रखा था। जब आग लगी तो मोम भी बहुत जेजी के साथ जला। इससे वहां से घना काला धुआं उठाना शुरू हो गया। प्रदत्यदर्शियों के अनुसार करीब आधा किलोमीटर दायरे में धुआं फैल गया। इससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। करीब दो घंटे तक की परेशानी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
