वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया
ऋषिकेश। पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज ऋषिकेश का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इसमें मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की। उन्होंने विद्यालय में टीन शेड के लिए तीन लाख रुपये विधायक निधि से देने घोषणा की। हरिद्वार रोड स्थित विद्यालय के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मंत्री अग्रवाल ने मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं की ओर से स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। गढ़वाली, कुमाऊंनी में लोकनृत्यों की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोहा। अग्रवाल ने कहा कि पंजाब सिंध क्षेत्र विद्यालय की नींव वर्ष 1965 में शिक्षा को गुणत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त देने के उद्देश्य के साथ हुई थी। आज विद्यालय उसकी हर कसौटी पर खरा उतर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां से वाणिज्य संकाय की शिक्षा लेकर बच्चे देशभर में क्षेत्र और विद्यालय का नाम ऊंचा कर रहे हैं। विद्यालय में हर बच्चे का सर्वांगींण विकास होने से शिक्षा का स्तर और बेहतर हो रहा है। उन्होंने विद्यालय के मेधावी और सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक बृजेश शर्मा, प्रधानाचार्य ललित किशोर शर्मा, पार्षद प्रदीप कोहली, अनिता प्रधान, राजेन्द्र पांडेय, अनिकेत गुप्ता, रमेश अरोड़ा, जितेंद्र प्रसाद, चंद्र प्रकाश, गीता देवी, रविन्द्र बहुगुणा, हेमलता महर, नीलम, प्रतिभा जोशी, पंकज कुमार सहित विद्यालयी बच्चे, उनके अभिभावक मौजूद रहे।
