पहले दिन कारखानों में पहुंची महंगी ऑक्सीजन

मुरादाबाद

औद्योगिक इकाइयों को ऑक्सीजन की सप्लाई पर लगी रोक हटने के बाद पहले दिन कारखानों में ऑक्सीजन तो पहुंच गई, लेकिन, इसके लिए कारखानेदारों को काफी महंगी कीमत चुकानी पड़ी। उद्यमियों ने ऑक्सीजन के सप्लायर्स पर सोमवार को इसकी सप्लाई के लिए जमकर कालाबाजारी किए जाने का आरोप लगाया।
बारादरी में कारखानेदार तहसीन ने बताया कि ऑक्सीजन की सप्लाई पर लगी रोक हटने के बाद काम-धंधा शुरू होने को लेकर तसल्ली तो महसूस हुई, लेकिन, पहले दिन ऑक्सीजन सिलेंडर मिलने की राहत जेब पर भारी पड़ी। चार सौ से पांच सौ रुपए तक में मिलने वाला ऑक्सीजन का सिलेंडर डेढ़ हजार रुपए में बेचा गया। ग्लोब आर्ट मेटल वेयर के अजय कुमार पुगला ने कहा कि कई कारखानेदारों की तरफ से ऑक्सीजन सिलेंडरों की कालाबाजारी किए जाने की समस्या उठाई गई। जिसकी वजह से उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम करना काफी महंगा पड़ गया। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेदउर्रहमान ने बताया कि रोक हटने के बाद सभी औद्योगिक इकाइयों एवं कारखानों में ऑक्सीजन की सप्लाई बहाल हो गई। ऑक्सीजन सिलेंडरों की महंगाई के बाबत कहा कि एक-दो दिन में कारखानेदारों को इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। ऑक्सीजन सप्लाई की बहाली से कारखानेदारों और आर्टीजनों के साथ ही निर्यातकों में भी तसल्ली की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *