दो लाख रुपये हड़पने और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप

रुद्रपुर। फेसबुक पर युवती से दोस्ती कर बिजनौर के युवक ने दो लाख रुपये हड़प लिए। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर युवक ने युवती का अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। युवती ने थाने में तहरीर देकर रुपये वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाने में तहरीर देकर कहा कि हेमराज कॉलोनी बिजनौर के युवक ने उससे फेसबुक पर दोस्ती करके फोन नंबर मांग लिया। बाद में युवक ने उससे आर्थिक मदद की गुहार लगाई। कई किस्तों में युवक ने उससे दो लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि जब युवक से उसने पैसे वापस मांगे तो युवक ने उसका अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से बदनाम करने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने उसका फेसबुक और व्हाट्सएप अकाउंट के अलावा फोन पे, गूगल पे भी हैक कर लिया है। थानाध्यक्ष अनिल उपाध्यक्ष का कहना है कि मामले में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *