एंबुलेंस और छात्रों की बसों के लिए ही खुलेगा चौरास परिसर में गेट
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के चौरास परिसर निदेशक प्रो. सीएम शर्मा ने चौरास परिसर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत परिसर में अतिथि गृह के समीप स्थित गेट से आने-जाने के लिए एंबुलेंस और छात्रों हेतु विवि की बस सेवा के अतिरिक्त अन्य वाहनों के लिए गेट नहीं खुलेगा। विशेष परिस्थितियों में विवि प्रशासन से स्वीकृति लेनी जरूरी है। गेट प्रात: 5 बजे खुलेगा तथा रात्रि 9 बजे बंद होगा। रात्रि 8 बजे के बाद परिसर से अंदर या बाहर जाने की अनुमति विशेष परिस्थितियों में ही छात्र-छात्राओं को दी जा सकेगी। परिसर के अंदर या विभाग में समारोह मनाने के लिए विभागाध्यक्ष या छात्रावास अधीक्षक की अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। कहा यदि कोई छात्र-छात्रा नियम के विरुद्ध कार्य करते हुए पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
