राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक की हड़ताल से नहीं बन पा रहे प्रमाण पत्र

विकासनगर। तीनों तहसीलों के राजस्व निरीक्षक दो सूत्रीय मांगों को लेकर कालसी तहसील परिसर में कलमबंद हड़ताल पर डटे रहे। राजस्व संघ के सचिव मोतीलाल जिनाटा ने बताया कि छह अप्रैल 2023 को हुए त्यूनी अग्निकांड में अवकाश स्वीकृति के बाद भी राजस्व उपनिरीक्षक श्याम सिंह तोमर को निलंबित किया गया था। जिन्हें अब तक बहाल नहीं किया गया है। जौनसार बावर की तीनों तहसीलों कालसी, चकराता और त्यूणी तहसीलों के राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षकों की हड़ताल के चलते आय, जाति, स्थाई व अन्य प्रमाण पत्र नहीं बन पाए। जिसके चलते लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जहां ईन दिनों स्कूली छात्र-छात्राओं को स्कूलों में प्रवेश के लिए आय, जाति प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है। ऐसे में हड़ताल के चलते समय से स्कूलों में प्रवेश नहीं हो पाते हैं। वहीं विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने को है जहां स्थायी निवासी, जाति, आय, प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है, लेकिन राजस्व उपनिरीक्षक व निरीक्षकों की हड़ताल के चलते प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। जबकि ईन दिनों बारिश के चलते आपदा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में तीनों तहसीलों की स्थिति राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक के हड़ताल पर जाने से क्षेत्र के लोगों को काफी समस्या झेलनी पड़ रही है। जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि उन्होंने धरने पर बैठे कर्मचारियों से वार्ता की। जिसमें उन्होंने राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षकों को समझाते हुए कहा कि इस आपदा के समय में क्षेत्र की जनता को उनकी जरूरत है। बताया कि वो इस क्षेत्र के ही निवासी हैं और अपनी ही जनता है उनको अपने जनता के हित में सोचना चाहिए। धरना देने वालों में राजस्व संघ सचिव मोती लाल जिनाटा, चतर सिंह चौहान, प्यारे राम शर्मा, सुखदेव जिनाटा, सुरेश जीनाटा, सुगंधा बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *