सरयू व गोमती पुल की मरम्मत कार्य शुरू, यातायात में फेरबदल रहा
बागेश्वर। लंबे समय के बाद सरयू व गोमती मोटर पुल का मरम्मत कार्य रविवार की सुबह से शुरू हुआ। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद जिले के प्रभारी मंत्री सौरव बहुगुणा ने गत दिनों मरम्मत कार्य को करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद एनएच रानीखेत डिवीजन के द्वारा मरम्मत कार्य के लिए रविवार का दिन चुना। सुबह छह बजे से गोमती पुल की मरम्मत शुरू हुई। इसके बाद सरयू पुल की मरम्मत हुई। पुल के क्षतिग्रसत होने से कई दो पहिया वाहन चालक इस पर रपट कर चोटिल हो गए थे। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पुलों के मरम्मत कार्य पूरा हो गया है। इस दौरान पुलिस ने नगर क्षेत्र में यातायात डाईवर्जन किया गया। हालांकि रविवार के चलते बाजार बंद था। इस कारण लोगों की आवाजाही भी कमी ही रही।
