निगम के डेढ़ माह की मेहनत पर बारिश ने फेरा पानी
रुड़की। पिछले दो दिनों से शहर में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से फिर से कॉलोनियों में जलभराव हो गया है। इन कॉलोनियों से जल निकासी के लिए निगम ने डेढ़ माह से पंप सेट लगाए हैं। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार पूरे दिन रुक-रुककर होती रही। बारिश की वजह से लोगों को तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। वहीं, जलभराव वाले इलाकों में लोगों को ज्यादा दिक्कतें हुई। सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ माह से अलग-अलग कॉलोनियों में पंप सेट लगाकर जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। कुछ नई जगहों पर भी पंप सेट लगाए जा रहे हैं।
