छेड़छाड़ को लेकर लिसाड़ी गेट में गोलीबारी और बवाल
मेरठ
लिसाड़ी गेट के मोमीननगर में छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। फायरिंग हुई और एक युवक को रॉड से पीट दिया। एक युवक का पैर टूट गया। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। हालांकि, तहरीर अभी एक ही पक्ष ने दी है।
मोमीननगर निवासी रिहान और मोहल्ले के ही रहने वाले सलमान पक्ष के बीच छेड़छाड़ को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों एक-दूसरे पर छींटाकशी का आरोप लगाते हैं। मंगलवार को रिहान नाई की दुकान पर गया था, जहां सलमान पक्ष से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि सलमान ने अपने साथियों दानिश, फिरोज और मुर्सलीन के साथ रिहान को रॉड से पीटा। बाद में आरोपी रिहान के घर पहुंचे और उत्पात मचाया। गोलीबारी हुई। रिहान पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी रिहान पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने बताया कि छानबीन जारी है।
