हादसे में युवक की मौत, मुकदमा दर्ज
ऋषिकेश। रायवाला में देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर छिद्दरवाला के पास एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोटें लगने पर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रायवाला पुलिस के मुताबिक यूपी स्थित बिजनौर में लालपुर मान निवासी सुमित कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई गंभीर लालतप्पड़ में एक निजी कंपनी का काम करता था। वह छिद्दरवाला में किराये के कमरे में रहता था। 19 अगस्त को कंपनी से काम निपटाकर वह बाइक से शाम के वक्त वापस कमरे पर लौटा रहा था। इसी बीच हाईवे पर उसे अज्ञात वाहन ने कुलच दिया। भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एसएसआई महादेव उनियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
