हाइवे पर चलती कार धूं-धूं कर जली, कार चालक झुलसा
रुद्रपुर। सितारगंज से रुद्रपुर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार में चलते-चलते आग लग गई। आग लगने कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। चालक ने किसी तरह कार रोककर अपनी जान बचाई। इस दौरान में चालक भी झुलस गया। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सोमवार को खटीमा निवासी एजाज अहमद कार से रुद्रपुर की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 11 बजे सितारगंज से 10 किमी आगे रुद्रपुर हाईवे पर कार में अचानक आग लग गई। कार चालक एजाज अहमद ने किसी तरह कार रोककर अपनी जान बचाई। इस दौरान वह भी झुलस गया। कुछ ही देर में कार पूरी तरह जल गयी। इस दौरान हाईवे में आवागमन बंद हो गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिली। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर बाद दमकल वाहन ने आग पर काबू पाया। सूचना पर एसएसआई हरिवंदर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक तौर से शार्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी मिल रही है।
