कृषि में महिलाओं का सबसे बड़ा सहयोग : जोशी

रुद्रपुर। कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रीय महिला आयोग एवं ग्राम्य विकास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महिला किसान और महिला दैनिक मजदूरों के पलायन से संबंधित संगोष्ठी में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लगभग 90 प्रतिशत जनसंख्या कृषि आधारित है और इसमें मातृ शक्ति का सबसे बड़ा सहयोग है। गुरुवार को रतन सिंह प्रेक्षागृह कॉलेज ऑफ वेटनेरी, पंतनगर विश्वविद्यालय में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का उद्घाटन किया। संगोष्ठी में महिला किसान और महिला दैनिक मजदूरों के पलायन से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम रही है और समाज में मातृ शक्ति का अहम योगदान है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की सभी महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने देश की कमान संभालते ही कहा था कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। कहा कि आज कैंप के माध्यम से 25 हजार से अधिक किसानों को जोड़ा गया है, जिसका 95 करोड़ टर्न ओवर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पंचायत में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था। उत्तराखंड में इसे बढ़ाकर 50 फीसदी किया गया है। कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजना के तहत महिला समूह को प्रतिवर्ष प्रशिक्षण दिया जाता है। पर्वतीय क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा दिए जाने से महिला किसानों को लाभ मिलेगा। इस दौरान मंत्री ने श्री अन्न के लाभ और उसके महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कृषि विकास में विशेषकर फसल उत्पादन, पशुधन, बागवानी, कटाई के बाद के कार्य, कृषि/सामाजिक वानिकी, मत्सय पालन आदि में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम में लगी महिला समूहों के स्टालों का अवलोकन भी किया। इस अवसर राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य सचिव मीनाक्षी नेगी, अधिशासी निदेशक आरडी पालीवाल, राष्ट्रीय महिला आयोग समन्वयक सर्वेश पांडे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, उमा जोशी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *