देवप्रयाग में भालू के हमले में महिला घायल

नई टिहरी

देवप्रयाग ब्लॉक के विटुला गांव में भालू ने महिला पर अचानक हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। महिला को श्रीनगर बेस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से महिला को एयर लिफ्ट कर देहरादून भेजने का प्रयास किया जा रहा है। ब्लॉक मुख्यालय हिंडोलाखाल के समीप स्थित पौसाड़ा ग्राम पंचायत के विटुला गांव में बुधवार करीब 11 बजे घर के निकट बकरी चराने गयी महिला पर झाड़ी में छिपे भालू ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में 57 वर्षीय सुधा रतूड़ी पत्नी सोहन लाल बुरी तरह घायल हो गयी। भालू ने महिला के सिर व पीठ को नाखूनों से बुरी तरह नोच डाला। महिला के शोर मचाने पर उसका बेटा राजेश रतूड़ी व अन्य लोग वहां पहुंचे व भालू को किसी तरह भगाया। ग्राम प्रधान नरेंद्र रतूडी ने महिला को अपने वाहन से तुरंत श्रीनगर बेस ले जाया गया। जहां महिला का उपचार किया गया। वहीं एसडीएम कीर्तिनगर सोनिया पंत ने बताया कि, महिला को एयर लिफ्ट कर देहरादून भेजने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *