लेट चल रही ट्रेनों ने बढ़ा दी मुसाफिरों की परेशानी
रुड़की
नवंबर की शुरूआत से ही सभी ट्रेनो में भारी भीड़ है और ज्यादातर ट्रेन कई-कई घंटे लेट चल रही हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, ट्रेन आने पर बेतहाशा भीड़ के कारण कई यात्री डिब्बों में घुस भी नहीं पा रहे हैं। मुरादाबाद, सहारनपुर और हरिद्वार रूट से होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड की तरफ आने जाने वाली सभी गाड़ियां यात्रियों से खचाखच भरी हुई हैं। कोच की गैलरी, दरवाजे और बाथरूम तक मुसाफिर बैठे हैं। सोमवार को 12369 अप हावड़ा से देहरादून (कुंभ एक्सप्रेस) तीन घंटे से अधिक देरी से पहुंची। यह दोपहर तीन बजे के बजाय शाम 6.30 बजे लक्सर स्टेशन आई। 12208 डाउन जम्मूतवी से काठगोदाम (काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस) सुबह 8.20 बजे से तीन घंटे लेट 11.30 बजे लक्सर पहुंची।
