1964 के ओलंपिक खिलाड़ी और पूर्व सैनिक त्रिलोक सिंह नहीं रहे

रुद्रपुर

1964 के ओलंपिक खिलाड़ी एवं सेना मेडल से सम्मानित पूर्व सैनिक त्रिलोक सिंह पानू का लंबी बीमारी के चलते रविवार देर शाम निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। चित्रशिला घाट काठगोदाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। त्रिलोक सिंह पानू मूल रूप से थल जिला पिथौरागढ़ के रहने वाले थे। 70 के दशक में ऊधमसिंह नगर जिले में गूलरभोज के गोविंदपुर में आकर बस गए थे। 1950 में सेना में भर्ती होने के बाद उन्होंने खेल में अपने कॅरियर की शुरुआत की। उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिमनास्टिक में कई गोल्ड जीते। 1964 में जापान के टोक्यो में आयोजित ओलंपिक में भारत की ओर से उन्होंने जिमनास्टिक खिलाड़ी के तौर पर प्रतिभाग किया। भारत सरकार ने उनको सेना मेडल से नवाजा। सेना से सेवानिवृत होने के बाद घोड़ाखाल सैनिक स्कूल में उन्होंने ट्रेनर के रूप में सेवा दी। लंबी बीमारी के चलते रविवार देर शाम गोविंदपुर स्थित आवास पर उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर पाकर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। सोमवार को उनको मुखाग्नि उनके पुत्र चंदन सिंह पानू ने दी। विधायक अरविंद पांडे, मोहन सिंह पानू, योगेंद्र पवार, तरुण दुबे, इंदर सिंह राठौड़, वितेंद्र यादव, योगेश पानू, नंदन सिंह कोश्यारी, भूपाल भारती, सुखविंदर सिंह आदि ने उनके निधन पर शोक जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *