दुकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण चोरी
हरिद्वार
कनखल थाना क्षेत्र में सर्राफ की दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और लाखों की नकदी चोरी कर ली गई। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। दावा है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मिस्सरपुर में स्नेह जोशी निवासी राजघाट कनखल की ज्वेलरी की दुकान है। शनिवार रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी का पता चलने पर व्यापारी मौके पर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। दुकान में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवर गायब थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। व्यापारी स्नेह जोशी के मुताबिक दुकान से 11 किलो चांदी के अलग-अलग आभूषण चोरी हुए हैं। सोने की 130 ग्राम लोंग, कोके, बाली, टोप्स लॉकेट, दो लाख तिजोरी से और 23 हजार गल्ले से चोरी किए गए हैं। थाना प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
