राइंका धौलछीना में 270 युवाओं को लगी वैक्सीन
अल्मोड़ा
राजकीय इंटर कॉलेज धौलछीना में सोमवार को युवाओं के टीकाकरण को लेकर खासी भीड़ रही। केंद्र में पहली बार 270 युवाओं को टीका लगाया गया। हालांकि केंद्र में व्यवस्था नहीं होने से यहां पहुंची युवाओं की भीड़ में सामाजिक दूरी जैसे गाइड लाइन का पालन नहीं होता दिखाई दिया वहीं युवा अंदर जाने के लिए धक्का मुक्की करते भी देखे गए। 18 प्लस के युवाओं को टीका लगाने के लिए सोमवार को यहां तय केंद्र में अधिक तादात में पंजीयन हुआ था। इससे पहले यहां प्रतिदिन 20 से 30 युवाओं को टीका लगाया जा रहा था। वहीं इस बार 270 युवाओं को टीके के लिए पंजीकृत किया गया। जिस वजह से केंद्र में अचानक युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। काफी देर तक युवा धक्का-मुक्की कर सेंटर के अंदर घुसने का प्रयास करते रहे। पीआरडी जवानों की काफी मशक्कत के बाद युवाओं को लाइन में लगाया । जिसके बाद करीब साढ़े दस बजे वैक्सीनेशन शुरू हो सका। वैक्सीन लगवाने के लिए युवा काफी उत्साहित नजर आए। इधर धौलछीना में सोमवार को 100 लोगों के कोरोना जांच को सैंपल लिए गए।
