अधिकारियों पर दबाव बनाने के आरोप में दो पर मुकदमा दर्ज
रुडक़ी।
कृषि विभाग के अधिकारियों पर अनैतिक दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायतें करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिला मुख्य कृषि अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।जिला मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार यादव ने एसएसपी को लिखे पत्र में कहा कि मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला ऐमाद निवासी दो लोगों ने विभिन्न स्तरों पर शिकायती पत्र भेज कर अधिकारियों व कर्मचारियों को मानसिक तनाव दिया है। आरोपी कृषि विभाग से अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास करने के लिए और दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायतें करते थे। इनके द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों सहित पीएमओ तक में शिकायत भेजी गई। मामले की जांच कराई गई तो पूरा मामला फर्जी निकला। जब मामले की जांच हो रही थी उस समय आरोपियों ने व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से मामले को रफा-दफा करने की भी सिफारिश की। जिला मुख्य कृषि अधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र का संज्ञान लेकर एसएसपी ने मंगलौर पुलिस को संबंधित धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये। इंस्पेक्टर मंगलौर यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर दो नामजद आरोपियों मितरपाल तथा श्याम सिंह निवासी ग्राम नगला ऐमाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
