श्यामसुंदर उपाध्याय की कांग्रेस में वापसी

मथुरा।

कांग्रेस पार्टी के हाल में वृंदावन में संपन्न हुए ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय नेताओं के साथ अभद्रता के आरोप में निष्कासित पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष का निष्कासन कांग्रेस ने वापस ले लिया है। इससे उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
करीब एक पखवाड़े पूर्व मथुरा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्यामसुंदर उपाध्याय बिट्टू भैया को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। निष्कासन करने का कारण वृंदावन में चार और पांच जुलाई को आयोजित कांग्रेस पार्टी के आगरा जोन के ब्लॉक अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित के साथ प्रभातफेरी में पंक्तिबद्ध होने को लेकर हुआ झगड़ा बताया गया था। यह विवाद बढ़कर पहले गाली-गलौज, मारपीट और फिर फायरिंग तक जा पहुंचा था।
इस घटना के दौरान प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित अन्य कई राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी गण मौजूद थे। इसके चलते पूर्व पालिकाध्यक्ष श्यामसुंदर उपाध्याय उर्फ बिट्टू भैया को कारण बताओ नोटिस करने के बाद 19 जुलाई को पत्र जारी कर छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था। अब कांग्रेस की अनुशासन समिति के सदस्य एवं पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला द्वारा उनकी बहाली का पत्र जारी कर दिया गया है। इससे उनकी कांग्रेस में वापसी हो गई है। कांग्रेस में वापसी होने पर उनके समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
वहीं पूर्व पालिकाध्यक्ष श्यामसुंदर उपाध्याय ने कहा कि पार्टी हाईकमान का आदेश सर्वाेपरि है। उन्होंने पहले किए गए निष्कासन का भी सम्मान किया था और अब कांग्रेस में वापसी के आदेश को भी वह सम्मान देते हैं। वह पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और सदैव पार्टी की सेवा करते रहेंगे। पार्टी ने जो भी निर्णय लिया है वह उसे स्वीकार करते हैं। वह पार्टी के हर फैसले को स्वीकार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *