बच्चों के लिए बना 12 बेड का कोविड वार्ड
रुडक़ी।
सिविल अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना की तीसरी लहर से लडऩे को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। अस्पताल में बच्चों के लिए 12 बेड का कोविड वार्ड तैयार किया गया है। सीएमएस का कहना है अस्पताल में कोरोना संक्रमित बच्चों के लिए 20 बेड का वार्ड तैयार किया जाएगा। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर विशेषज्ञ आशंका जता चुके हैं। दूसरी लहर में जिस तरह के हालात रहे और लोगों को उपचार के लिए परेशान होना पड़ा उसे देखते हुए तीसरी लहर का मुकाबला करने की तैयारी शुरू हो गयी है। विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर की चपेट में बच्चों के आने की आशंका भी जतायी है। स्वास्थ्य विभाग ने इन सबको देखते हुए कोरोना की चपेट में आने वाले बच्चों की देखरेख के लिए तैयारी भी शुरु कर दी है। रुडक़ी सिविल अस्पताल में भी इसको लेकर तैयारी जोरों पर हैं। सिविल अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल में कोविड से पीडि़त आने वाले बच्चों के लिए 12 बेड का वार्ड तैयार कर दिया है। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि शुरुआती दौर में 12 बेड का वार्ड बच्चों के तैयार किया जा चुका है। संक्रमित बच्चों की संख्या यदि बढ़ती है तो बेड की संख्या बीस तक की जाएगी।
