जनता की हर अपेक्षा पर कड़ी मेहनत व जिम्मेदारी से खरा उतरना होगा : असीम अरुण 

 

कानपुर।
 स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन कानपुर में कानपुर कमिश्नरेट का भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने झंडा रोहण किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हमने नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए वर्दी पहनी है। जनता की हमसे बहुत अपेक्षाएं हैं हमें उनकी हर अपेक्षा पर कड़ी मेहनत व जिम्मेदारी से खरा उतरना होगा। तभी हमारा वर्दी पहनना सार्थक होगा।
रविवार को देश का 75 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट कानपुर का स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित किया गया। यहां पर पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने ध्वजारोहण करके राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि 25 मार्च को मुख्यमंत्री द्वारा लिये गये पुलिस कमिश्नरेट बनाने के फैसले के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली में काफी बदलाव हुआ है। हमें स्मार्ट वर्किंग के लिए अपनी कलम की धार और कंप्यूटर की स्पीड को और बेहतर करना होगा। हम अपनी व्यक्तिगत क्षमता को जितना बढ़ाएंगे उतना ही अपने कर्तव्यों का पालन भली प्रकार कर पाएंगे। इस दौरान पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मानित
ध्वज सलामी के बाद पुलिस आयुक्त ने एफएसएसओ कमलेन्द्र कुमार सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और इंस्पेक्टर रवि श्रीवास्तव को पुलिस महानिदेशक द्वारा दिया जाने वाला सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया। डीजीपी की ओर से दिये जाने वाले प्रशंसा चिन्ह में गोल्ड पाने वालों में सहायक पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह रहे। सिल्वर पाने वालों में निरीक्षक अजय कुमार सेठ, निरीक्षक सतीश चंद्र साहू,एसआई पवन कुमार, महिला एसआई निशा यादव, एसआई सुनीत शर्मा, कांस्टेबल परशुराम को दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *