प्यासी जनता ने रोड जाम कर किया हंगामा,क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ की नारेबाजी
कानपुर।
चकेरी स्थित कांशीराम कॉलोनी के प्यासी जनता ने रोड जाम करके हंगामा किया और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित जनता को समझाने के प्रयास में जुट गई। कांशीराम कालोनी में बीते तीन सप्ताह से जलापूर्ति बंद है और लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उनका कहना है कि समस्या का समाधान न हुआ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
सनिगवां के सजारी स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी राकेश सोनू,योगेन्द्र गुप्ता,सुधीर, हनुमान,रुबीना आदि ने बताया कि कॉलोनी में ट्यूबबेल से पानी की सप्लाई होती है। कॉलोनी में पानी सप्लाई करने वाली चारों मोटरें खराब हो चुकी है। जिस कारण करीब दो सप्ताह से पूरी कॉलोनी में पानी की सप्लाई बाधित है। जिस कारण कॉलोनी में रहने वाले लोग किराये पर टैंकर मंगवा कर पानी भरने के लिए मजबूर है। पानी की समस्या के लिए वह लोग कई बार जलकल और जल निगम के अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके है।
बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं होने पर कुछ दिनों पहले लोगों ने कैबिनेट मंत्री सतीश महाना से भी शिकायत की थी। जिसके बाद भी मोटर ठीक नहीं होने पर मजबूरन उन रोड जाम करना पड़ा है। हंगामे की सूचना पर चकेरी पुलिस लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रही है। लेकिन जनता पानी की सप्लाई बहाल न होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कर रही है।
कालोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि रुपये एकत्र करके पानी का टैंकर मंगाया जा रहा है। वहीं ज्यादातर परिवार दो किमी दूर से पीने का पानी लेने हैंडपंप पर जाते हैं। सुबह काम पर जाने से पहले पानी लाना अब दिनचर्या जैसा हो गया है। इससे कालोनी में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची है
