भाजपा ब्लाक प्रमुख पर जानलेवा हमला

रायबरेली।
कोतवाली क्षेत्र के असनी गांव में ब्लाक प्रमुख और उसके ड्राइवर तथा मौजूदा ग्राम प्रधान को दबंगों ने घेर कर इस कदर पिटाई की है कि ब्लाक प्रमुख लहूलुहान हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। तत्काल क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह कोतवाल और बछरावां कोतवाल को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मामले में समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
    महराजगंज के ब्लाक प्रमुख राज कुमार पासी उर्फ राजू मौरंग लदी ट्रैक्टर ट्राली पर बैठकर गांव की ओर जा रहे थे, तभी गांव के ही एक दबंग ने अपनी चार पहिया गाड़ी पहले से रोड के बीचो बीच लगा दी थी, मौके पर पहुंचने पर भाजपा प्रमुख ने जब दबंग से चार पहिया गाड़ी हटाने को कहा, तो दबंग ने गाड़ी हटाने से मना कर दिया तथा अपने सहयोगी व साथियों को बुलाकर मौजूदा भाजपा ब्लाक प्रमुख पर सरिया लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिससे ब्लाक प्रमुख का सिर फट गया। साथ ही उनका ड्राइवर संजय रैदास भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
     मामले की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान दिलीप चौधरी जब छुड़ाने दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। गांव में अफरा-तफरी का माहौल खड़ा हो गया। भाजपा ब्लाक प्रमुख राज कुमार पासी का कहना है कि दबंगों ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी है। मामले की जानकारी होने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची।
    उधर घटना की जानकारी मिलते ही सीओ राम किशोर सिंह, कोतवाल मनोज कुमार सिंह और बछरावां कोतवाल राकेश सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। इस बारे में थाने से संपर्क किया गया तो पता चला कि, मामले में अभी तक तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *