आउटसोर्स श्रमिकों ने किया सीएम आवास कूच
देहरादून। कोराना काल में हटाये गए कर्मचारियों की बहाल समेत अन्य मांगों को लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कलां स्थित पुलिस चौकी के पास बैरिकेटिंग कर आंदोलनकारियों को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों की नोकझोंक भी हुई। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री, लोकनिर्माण और पर्यटन मंत्री के अलावा मुख्य सचिव को अपना ज्ञापन भेजा। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग से जुड़े आउटसोर्स वाहन चालक, ऑपरेटर, हैल्पर, विद्युत यांत्रिक संयुक्त कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। इनके साथ ही आउट सोर्सिंग मेट, बेलदार कर्मचारी संघ से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल रहे। दोनों संगठन से जुड़े श्रमिक परेड ग्राउंड में सभा करने के बाद एस्ले चौक से होते हुए दिलाराम चौक पहुंचे। यहां से मुख्यमंत्री आवास कूच को निकले। कुछ ही दूरी पर पुलिस की ओर से पहले ही बैरिकेटिंग की गई थी। जहां पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोका। पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। आंदोलनकारियों का कहना था कि उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। अंतिम कैबिनेट की बैठक में भी कोई फैसला नहीं आया है।
