दिवसीय वित्तीय सहायता शिविर लगाया
रुड़की। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की लक्सर शाखा की तरफ से जैतपुर गांव में एक दिवसीय वित्तीय सहायता शिविर लगाया गया। शिविर में बैंक के अधिकारियों ने महिलाओं को नकदी के बजाय डिजिटल लेनदेन करने के लिए प्रेरित कर प्रशिक्षण भी दिया। कहा कि डिजिटल लेनदेन पूरी तरह सुरक्षित है।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की लक्सर शाखा प्रबंधक मनदीप चौधरी ने वित्तीय साक्षरता शिविर की शुरुआत की। कहा कि आज हर चीज मोबाइल में सिमट रही है। रुपयों का लेनदेन भी डिजिटल हो चुका है। हमें समय के साथ आगे बढ़ना है तो डिजिटल लेनदेन सीखना होगा। कहा कि नकद रकम को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में चोरी और लूट आदि का खतरा रहता है। दूसरे हमने किसे कितनी रकम दी है, इसका प्रमाण भी हमारे पास नहीं होता। डिजिटल लेनदेन करने से जहां सुरक्षा बनी रहती है, वहीं लेनदेन का ऑनलाइन रिकार्ड भी रहता है। बैंक की द्वितीय अधिकारी मीनाक्षी डिमरी ने मोबाइल से रकम के आदान प्रदान करने वाले मोबाइल ऐप के बारे में जानकारी दी। कहा कि मोबाइल से लेनदेन ओटीपी के माध्यम से होता है। बताया कि कई बार ठग खुद को बैंक कर्मचारी बताकर ओटीपी या फिर एटीएम कार्ड की जानकारी लेते हैं और खाते से रकम निकाल लेते हैं। उन्होंने मोबाइल पर आया ओटीपी किसी के भी साथ शेयर न करने की हिदायत भी दी। शिविर में संदेश वाहक अश्विनी कुमार के अलावा रश्मि, सोनिया, सीता सैनी, पूनम, किरण, नीलम, माधवी, रीना, संगीता और मोनी सहित काफी महिलाएं मौजूद रहीं।
