जाम से बचने के चक्कर में गलियों में फंस गए

 

रुड़की। नेहरू स्टेडियम से रामनगर जाने वाले संकरे मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया। जाम से बचने के लिए लोगों ने रूट बदला तो वहां की संकरी गलियों में भी वह जाम में फंस गए। सिविल लाइंस क्षेत्र से रामनगर की ओर जाने के लिए दुपहिया वाहन चालक शॉर्ट कट मार्ग के तौर पर नेहरू स्टेडियम से जाने वाले रूट से निकलते हैं। यहां कई जगह पर गलियां इतनी संकरी हैं कि दो दुपहिया वाहन भी बामुश्किल निकल पाते हैं। आए दिन इन गलियों में जाम लगा रहता है। ई-रिक्शा या किसी चौपहिया वाहन के आने पर यह समस्या और बढ़ जाती है। सोमवार को सुबह करीब ग्यारह बजे नेहरू स्टेडियम से नीचे जाते हुए जाम लग गया। दोनों ओर से चौपहिया वाहन आ गए। इस दौरान जाम बढ़ता देख कुछ दुपहिया वाहन चालकों ने बगल की गली से वाहन निकालने शुरू कर दिए। यहां भी गलियां बेहद संकरी हैं। दूसरी ओर से भी लोग जाम में फंसे हुए थे, लिहाजा उन्होंने भी रूट बदला। इससे इन गलियों में भी वाहन आमने-सामने आ गए। जल्दी निकलने के चक्कर में यहां भी जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक गलियों में लोग जाम में फंसे रहे। ई-रिक्शा आदि आने के कारण परेशानी और बढ़ी। सप्ताह का पहला दिन होने के कारण सोमवार को वैसे ही भीड़ ज्यादा रहती है। वाहनों की भीड़ बढ़ने के कारण इन गलियों में जाम की स्थिति बनी रही। किसी तरह से इन गलियों से निकलने के बाद मुख्य सड़क पर पहुंचने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वापस आने के दौरान कई लोगों ने जाम में फंसने की आशंका को देखते हुए रूट बदल लिया और मुख्य मार्ग से ही गंतव्य की ओर निकले। हालांकि, इसमें उन्हें ज्यादा घूमकर आना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *