बॉलीवुड वेब सीरीज में जलवा दिखाएगा विकासनगर का ओजस्वी 

विकासनगर। विकासनगर का बाल कलाकार ओटीटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से जल्द ही बॉलीवुड में अपना जलवा बिखेरेगा। इन दिनों मसूरी में एक वेब सिरीज की शूटिंग चल रही है, जिसमें विकासनगर का बाल कलाकार ओजस्वी त्यागी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अमेजन प्राइम के लिए मैडोक की वेब सीरीज ‘यार दोस्त की इन दिनों मसूरी में शूटिंग चल रही है। इसके लिए स्थानीय कलाकारों का भी ऑडीशन लिया गया था। जिनमें से विकासनगर निवासी रंगकर्मी और साहित्यकार पुष्पेंद्र त्यागी के पुत्र ओजस्वी त्यागी का चयन हुआ है। अरुणिमा शर्मा द्वारा निर्देशित इस वेब सीरीज में ओजस्वी के साथ ही तमन्ना भाटिया, आसीम गुलाटी, अयान जुबेर, चाहत प्रमुख भूमिका में हैं। ओजस्वी त्यागी विकासनगर के ही एक निजी शिक्षण संस्थान में कक्षा दस के छात्र हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया वेब सीरीज में काम करने को लेकर वह बहुत उत्साहित हैं। शनिवार को शूटिंग का एक शेड्यूल पूरा किया है। जल्द ही दूसरा शेड्यूल शुरू किया जाएगा। बताया कि अभिनव के गुर उन्होंने अपने पिता से सीखें हैं। उनके पिता भी कई हिंदी फिल्मों के साथ ही दक्षिण भारतीय फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। बताया कि भविष्य में वे अभिनय को ही अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *