रेल संरक्षा आयुक्त ने रामपुर-लालकुआं का विशेष ट्रेन से निरीक्षण किया
रुद्रपुर। रेल संरक्षा आयुक्त मोहम्मद लतीफ खान ने मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत के साथ इज्जतनगर मंडल के नव विद्युतीकरण रामपुर-लालकुआं रेल खंड का विशेष निरीक्षण ट्रेन द्वारा निरीक्षण किया। जिसके बाद उन्होंने लालकुआं से रामपुर तक की गति का परीक्षण भी किया। निरीक्षण स्पेशल लालकुआं से लगभग 66 किमी की दूरी 55 मिनट में तयकर रामपुर पहुंची। इस दौरान निरीक्षण गाड़ी को 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से दौड़ाया गया। विद्युतीकरण का कार्य दिसंबर 2021 में शुरू किया गया था, जिसकी अनुमानित लागत 75 करोड़ है। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने रामपुर-लालकुआं रेल खंड के मध्य पड़ने वाले चमरऊआ एवं बिलासपुर रोड रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध स्टेशन मास्टर पैनल, पैदल उपरिगामी पुल, कर्व, समपार रोड, पुल, सब-स्टेशन पॉवर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर से प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एके शुक्ला, मुख्य विद्युत वितरण इंजीनियर पंकज जायसवाल, महाप्रबंधक इरकान संजीव कुमार, कार्यकारी निदेशक सुभाष चंद्र सलाहकार डीजी प्रसाद सहित इरकान एवं मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
