युवक को पीटने के आरोप में चार लोगों पर मुकदमा
काशीपुर। रास्ते में घेरकर एक युवक को बुरी तरह पीटने, उसके सिर पर तमंचा रखकर उसकी जेब से हजारों रुपये की नगदी ले जाने के आरोप में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। ग्राम क्षेत्री फार्म निवासी बलजीत सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बीती 14 जून को वह अपने घर जा रहा था कि बेरिया रोड स्थित ग्राम नरखेड़ा के समीप निर्मल सिंह, ओंकार सिंह, अमृतपाल और बलविंदर सिंह ने उसे रोक लिया। इन लोगों ने नवलजीत पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। लोगों को आता देख दबंग मौके से फरार हो गए। वहीं नवलजीत सिंह ने यह भी बताया कि आरोपी मारपीट के दौरान 70 हजार की नगदी व एक मोबाइल फोन भी छीन कर ले गए हैं। एसआई भगवान गिरी गोस्वामी ने बताया मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
