सरकार की योजनाएं अंतिम छोर तक ले जाएं: बहुगुणा
काशीपुर।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने केंद्र की मोदी सरकार की आठ साल की उपलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि 70 साल तक जिसने देश में राज किया वह पाकिस्तान की हरकतों पर विदेशों में मदद मांगते थे। आज भारत से बचाने को पूरी दुनिया में घूम रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया में शक्तिशाली नेतृत्व बनकर उभरे हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य की योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
काबीना मंत्री शनिवार को दढ़ियाल रोड स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डोकलाम में चीनी सैनिकों का भारतीय सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। कश्मीर से धारा 370 जिसको कांग्रेस सरकार 70 साल में छूने से डर रही थी उसको पीएम मोदी ने हटाकर दिखाया। कहा कि देश की मोदी सरकार ने पपीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों के लिये मुफ्त अनाज की व्यवस्था की। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 1.22 करोड़, ग्रामीण में 2.3 करोड़ आवास स्वीकृत किये। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 11.22 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया। इसके साथ ही कई अन्य कल्याणकारी योजनाएं लागू कीं। ऑपरेशन गंगा और ऑपरेशन राहत के जरिये युद्धग्रस्त देशों में फंसे भारतीयों को निकाला गया।
‘अग्निपथ को लेकर युवाओं को भड़का रहा विपक्ष’
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा व भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने भी केंद्र के साथ ही प्रदेश सरकार की योजनाओं को बताया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार ने कहा कि मौन रहेंगे तो हमारे काम शून्य नजर आएंगे। चुनौतियों को स्वीकार करें जो विपक्ष ने हमें दी है। कहा कि विपक्ष अग्निपथ को लेकर युवाओं को भड़काना चाहता है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और जो भड़का रहे हैं उनका सामना करें। इस मौके पर मेयर ऊषा चौधरी, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, ब्लॉक प्रमुख अर्जुन कश्यप, मोहन बिष्ट, गुरविंदर सिंह चंडोक, सुरेश परिहार, परमिंदर सिंह, विकास गुप्ता, इंतजार हुसैन, खिलेंद्र चौधरी, डॉ. गिरीश तिवारी, गुरबक्श सिंह बग्गा आदि मौजूद रहे