डीएम ने किया हर घर तिरंगा आउटलेट का शुभारंभ
रुद्रपुर। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत विकास भवन परिसर में स्थापित हर घर तिरंगा आउटलेट का जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने रिबन काट कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए स्वयं भी अपने लिए ध्वज खरीदा। शनिवार को कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत, वार्ड स्तर, नगर पंचायत स्तर, नगर निगम स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम हर घर तिरंगा पद यात्रा, हर घर तिरंगा जागरूकता संगोष्ठी इत्यादि कार्यक्रम जन सामान्य एवं छात्र-छात्राओं के माध्यम से आयोजित कराने के निर्देश परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी को दिए। मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि हमारा लक्ष्य 15 अगस्त 2022 तक संचालित होने वाले इस अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में लाख राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के बने राष्ट्रीय ध्वज तैयार किये जाएंगे जो कि जनपद के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के हर कोने तक तिरंगा झंडा पहुंचाने के लिए इसके वितरण का अभियान भी चलाया जाएगा और घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, टॉल प्लाजा, पुलिस चौकी, थाना, गैर सरकारी परिसरों हर जगह तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी तारा हयांकी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील, जिला पंचायतराज अधिकारी आरसी त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी असीत आनंद आदि उपस्थित रहे।
