विकासनगर के ग्राम पंचायत तारली के 10 परिवारों ने थामा कांग्रेस का दामन
साहिया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह की उपस्थित में खत बमटाड की ग्राम पंचायत कोठा तारली के दस परिवारों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। ग्रामीणों ने कहा कि भाजपा सरकार में जौनसार में विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्या सुनी जाएंगी और सरकार तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
गुरुवार को आयोजित सदस्यता समारोह में परिवारों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। ग्रामीणों ने कहा कि देश व प्रदेश में महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बेरोजगारी के कारण युवा परेशान हैं। लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध हो रहा है,लेकिन अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं निकल पा रहा है। विकास कार्य भी पूरी तरह से ठप हो गए हैं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कार्यकर्त्ताओं को पूरी मेहनत से 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना चाहिए। कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का काम करना होगा, साथ ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में घर-घर जाकर बताएं। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलिंडर के दाम में लगातार वृद्धि होने से घरों का बजट बिगड़ गया है।
वैसे ही लोग कोरोना महामारी के चलते परेशानी में हैं, ऐसे में महंगाई का बोझ डालने से गरीब का निवाला भी छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के विरोध में पार्टी के कार्यकर्त्ता हर समय तैयार हैं और उसका विरोध किया जाएगा। इस मौके पर कालसी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष उमा दत्त जोशी दीवान सिंह तोमर, शांति सिंह तोमर, दयाराम तोमर, शूरवीर नेगी, नारायण सिंह, पूरण सिंह आदि मौजूद रहे।
