गुरु रामदाज जी महाराज के प्रकाश उत्सव पर निकाली प्रभात फेरी

लखनऊ ।

गुरु रामदास जी महाराज के प्रकाश उत्सव पर दशमेश सेवा सोसाइटी की ओर से प्रभात फेरी निकाली गयी। प्रभात फेरी फू लों से सुसज्जित भव्य पालकी साहिब में सुशोभित गुरु ग्रन्थ साहिब की छत्रछाया में एवं परम्परागत वेशभूषा से सुसज्जित पांच प्यारे की अगुवाई में गुरूद्वारा आर्या नगर से आरम्भ हुई। इस दौरान पालकी साहिब के आगे श्रद्धालु मार्ग की सफाई करके गुरू ग्रन्थ साहिब महाराज की सवारी के लिये मार्ग पर पुष्प बिछा रहे थे। यह प्रभात फेरी मोती नगर चौराहा होती हुई गौरिया मठ रोड, ऐशबाग रोड, डीएवी कालेज रोड, नाका हिण्डोला चौराहा होती हुई वापस  गुरूद्वारा साहिब पहुॅची। प्रभात फेरी में खालसा इण्टर कालेज के बच्चों ने बैण्ड बाजों के साथ एवं उत्तर प्रदेश भारत स्काउटस के बच्चों ने भाग लिया। फेरी के दौरान सिख यंग मेन्स एसोसियेशन, सिक्ख सेवक जत्था, यूथ खालसा एसोसियेशन, दशमेश सेवा दल, सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी, माता गुजरी सत्संग सभा ने प्रभात फेरी में शबद कीर्तन गायन किया। सम्पूर्ण मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा शीतल पेय, चाय, बिस्कुट, समोसे, पकौड़े का स्टाल लगाकर प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार राजेन्द्र सिंह बग्गा ने उन्हें गुरू घर का सम्मान सिरोपा भेंट किया। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को गुरु रामदास महाराज का प्रकाश उत्सव गुरु सिंह ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाका हिण्डोला, लखनऊ में बड़ी श्रद्धा एवं सत्कार के साथ मनाया जायेगा। दशमेश सेवा सोसाइटी के तजिंदर सिंह एवं इंदरजीत सिंह ने बताया कि आज सायं 6 बजे से 9 बजे तक एवं 22 अक्टूबर को प्रात: 5 बजे से 10.30 बजे तक व सायं 6 बजे से 9.30 बजे तक दीवान सजेंगे। जिसमें रागी भाई हरतीरथ सिंह दिल्ली वाले, हजूरी रागी भाई राजिन्दर सिंह अपनी मधुरवाणी में शबद कीर्तन गायन एवं मुख्य ग्रन्थी ज्ञानी सुखदेव सिंह कथा व्याख्यान द्वारा समूह संगत को निहाल करेंगे। सोसाइटी के सरदार हरविंदर पाल सिंह नीटा ने बताया कि इस अवसर पर सिक्ख सेवक जत्था, सिख यंग मैन एसोसिएशन, श्री सुखमनी साहिब सेवा सोसायटी गुरुद्वारा साहब की सजावट लंगर बांटने और सभी तरह की सेवाएं करेंगी। सभी दीवानों की समाप्ति के उपरान्त गुरु का लंगर वितरित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *