एनसीसी स्थापना दिवस पर हुए कार्यक्रम
नैनीताल।
5 यूके एनसीसी नेवल की ओर से शनिवार को एनसीसी का 73 वें स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मल्लीताल स्थित बोट हाउस में सांस्कृतिक कार्यक्रम व कैडेट्स ने नौकायन किया। इसमें चार बेस्ट कैडेट को सम्मानित भी किया गया।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के पूर्व डिप्टी कमिश्नर अजय पंत ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि प्रो.डीएस बिष्ट रहे। एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस दौरान मुख्य अतिथि को एनसीसी कैडेट्स के द्वारा झील में नौकायन करवाया गया। एनसीसी कैडेट्स के द्वारा यहां बनाए गए मंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें सराहा गया। एनसीसी में बेहतर प्रदर्शन करने वाली निकिता बिष्ट, अमन नेगी, भावना बुधलाकोटी, अंजली कांडपाल को बेस्ट कैडेट के किताब से सम्मानित किया गया। इसके अलावा एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन डीके सिंह के द्वारा उड़ीसा में आयोजित राष्ट्रीय सेलिंग रिगटा प्रतियोगिता में पांचवें स्थान पर आए छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल हितेश काला, कमलेश जोशी, विजय कुमार गुप्ता व एनसीसी, स्टाफ समेत कैडेट्स मौजूद रहे।
