पर्वतीय रूटों पर बसों की कमी, यात्री परेशान

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश से रविवार को पहाड़ के विभिन्न रूटों पर संचालित बस सेवाओं की कमी रही। चंद्रभागा पुल तिराहे पर सवारियां बसों का इंतजार करती नजर आईं। बसों की कमी के कारण गंतव्य तक पहुंचने के लिए सवारियों को मजबूरन मनमाना किराया देकर टैक्सी, जीप आदि का सहारा लेना पड़ा।
रविवार को पर्वतीय रूट की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला हाईवे पर स्थित चंद्रभागा पुल तिराहे के समीप पहाड़ के विभिन्न इलाकों में जाने वाली सवारियां बसों के इंतजार में खड़ी रही। जानकारी लेने पर सवारियों ने बताया कि काफी देर से टिहरी और पौड़ी रूट की बसें नहीं आई हैं।
शिवपुरी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे राजेंद्र सिंह ने बताया कि एक दिन पहले यातायात व्यवस्था सुचारु रही, लेकिन रविवार को बसों की कमी हो गई है। चंद्रभागा पुल तिराहा पर सामान के साथ खड़ी अन्य सवारियों ने भी बसों के विलंब से आने की बात कही। बताया कि कई सवारियों ने समय से घर पहुंचने के लिए टैक्सी और जीप से आगे का सफर तय किया। यातायात एवं पर्यटन सहकारी संघ के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि बसों की कमी नहीं है। कई बार संयुक्त यात्रा बस अड्डे पर सवारी की कमी के चलते अक्सर बस सेवा निर्धारित समय पर नहीं चलती, इससे चंद्रभागा पुल तिराहे पर विलंब से पहुंचती है। पहाड़ की सभी बस सेवाएं चल रही हैं।
जाम से जूझे लोग:
रविवार को वीकेंड पर पर्यटकों के वाहनों का दबाव बढ़ने से हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोयलघाटी तिराहा से चंद्रभागा पुल तिराहा तक जाम रहा। लड़खड़ाती यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड मशक्कत करते दिखायी दिए। देर शाम तक स्थिति कुछ सामान्य हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *