एनआईटी में फिट इंडिया सप्ताह के तहत खेल प्रतियोगिताएं शुरू
श्रीनगर गढ़वाल
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड में फिट इंडिया सप्ताह का शुभारंभ हुआ। तीन दिसंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। फिट इंडिया सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर एनआईटी के निदेशक प्रो. ललित कुमार ने छात्रों को फिट इंडिया की प्रतिज्ञा दिलाई। इस मौके पर प्रो. अवस्थी ने कहा कि अकादमिक प्रतिभा को निखारने के लिए पाठ्यपुस्तकों और व्याख्यानों के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण हैं। नियमित शारीरिक गतिविधि के कई लाभ हैं जो छात्रों को अकादमिक रूप से उत्कृष्टता प्राप्त करने और स्वस्थ जीवन शैली का नेतृत्व करने में मदद कर सकते हैं। इसलिए प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक सभी स्तरों पर शारीरिक गतिविधियों को छात्रों की नियमित दिनचर्या में शामिल किया जाना चाहिये। प्रो. अवस्थी ने कहा कि फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 29 अगस्त 2019 फिट इंडिया मूवमेंट शुरू किया गया था। इस आंदोलन का उद्देश्य व्यवहार में बदलाव लाना और शारीरिक रूप से सक्रिय जीवन शैली की ओर बढ़ना है। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया सप्ताह के दौरान बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस टूर्नामेंट, रस्साकस्सी प्रतियोगिता, महिलाओं के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट, स्वास्थ्य शिविर, इंटर इंस्टीट्यूट फैकल्टी और स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट एवं फिट इंडिया ऐप का उपयोग करके फिटनेस मूल्यांकन परीक्षण किया जाएगा। जिसके आयोजन के लिए डा. कुलदीप सिंह(स्पोर्ट्स अफसर) को जिम्मेदारी दी गयी है। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डा. धर्मेंद्र त्रिपाठी, डा. राकेश कुमार मिश्रा सहित आदि मौजूद थे।
